Pakistans T20I and ODI Squads Announced: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 और वनडे सीरीज़ के लिए अपनी टीमें घोषित कर दी हैं। इस बार चयन में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं — जहां बाबर आज़म और नसीम शाह की टीम में शानदार वापसी हुई है, वहीं टी20 टीम से मोहम्मद हारिस को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है ।
बाबर आज़म की वापसी से टीम में नई जान
पिछले कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे बाबर आज़म अब दोबारा टी20 टीम में लौट आए हैं। एशिया कप में चयन से बाहर होने के बाद यह उनकी पहली वापसी है ।
पीसीबी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह टीम अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप (भारत और श्रीलंका) की तैयारी को ध्यान में रखकर बनाई गई है ।
नसीम शाह भी हुए फिट, टी20 स्क्वाड में शामिल
फास्ट बोलर नसीम शाह, जो लंबे समय से चोट के कारण बाहर थे, अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर चुके हैं। उनकी मौजूदगी से पाकिस्तान की तेज़ गेंदबाज़ी को मजबूती मिलेगी, खासकर तब जब शाहीन अफरीदी और वसीम जूनियर पहले से ही टीम में हैं।
मोहम्मद हारिस बाहर, उस्मान खान को मौका
सबसे चौंकाने वाला फैसला यह रहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज़ मोहम्मद हारिस को टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है।
उनकी जगह अब उस्मान खान को विकेटकीपर के रूप में चुना गया है। उस्मान अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते हैं और उन्हें मौका देना टीम की नई रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।
अब्दुल समद और उस्मान तारिक को मिला बड़ा मौका
मिडल ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाज़ अब्दुल समद की टी20 टीम में वापसी हुई है ।
इसके अलावा मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को पहली बार पाकिस्तान की टी20 टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि वह टीम को एक नया स्पिन विकल्प देंगे।
टी20 स्क्वाड में कप्तान की जिम्मेदारी सलमान अली आगा के हाथों में सौंपी गई है। जबकि रिज़र्व खिलाड़ियों में फखर ज़मान, हारिस रऊफ और सुफियान मुक़ीम शामिल किए गए हैं ।
वनडे टीम में शाहीन अफरीदी बने कप्तान
वनडे टीम की कमान अब तेज़ गेंदबाज़ शाहीन शाह अफरीदी के पास है।
पाकिस्तान की नई वनडे टीम में भी कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिले। स्पिनर फैसल अकबर की टीम में वापसी हुई है, वहीं अनुभवी मोहम्मद रिज़वान को विकेटकीपर के रूप में बनाए रखा गया है, भले ही उनसे कप्तानी छीन ली गई हो।
इसके अलावा हारिस रऊफ और हसीबुल्लाह की भी टीम में वापसी हुई है, जबकि बाबर आज़म दोनों फॉर्मेट में शामिल रहेंगे ।
टी20 टीम (साउथ अफ्रीका सीरीज़ और ट्राई सीरीज़ के लिए):
सलमान अली आगा (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, हसन नवाज़, मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक।
रिज़र्व: फखर ज़मान, हारिस रऊफ, सुफियान मुक़ीम ।
वनडे टीम (साउथ अफ्रीका के खिलाफ):
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फैसल अकबर, फखर ज़मान, हारिस रऊफ, हसीबुल्लाह, हसन नवाज़, हुसैन तलात, मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद रिज़वान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साइम अय्यूब, सलमान अली आगा।
पीसीबी का बड़ा लक्ष्य — वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का साफ इरादा है कि यह टीम आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बैलेंस्ड स्क्वाड तैयार करे।
बाबर और नसीम की वापसी से टीम को अनुभव मिलेगा, जबकि उस्मान खान और अब्दुल समद जैसे युवा खिलाड़ियों को ग्रूम करने का मौका भी मिलेगा।
टीम मैनेजमेंट का मानना है कि यह कॉम्बिनेशन उन्हें भविष्य में एक मजबूत और आक्रामक टीम बनाएगा, जो किसी भी परिस्थिति में मुकाबला कर सके।